नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दिपके को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस शनिवार को उन्हें स्पेशल एक्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में पेश करने की तैयारी कर रही है। इससे पहले शुक्रवार को कनॉट प्लेस स्थित सेंट्रल पार्क में पार्टी के 'लहरा दो तिरंगा' कार्यक्रम के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया था।
सीजेपी की विधिक प्रकोष्ठ प्रमुख रत्ना सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई की पुष्टि की। उन्होंने आरोप लगाया कि गिरफ्तारी के बाद अभिजीत को किस जगह रखा गया है, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी के वकीलों को अब तक उनसे मिलने की इजाजत नहीं मिली है।
इससे पहले जंतर-मंतर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने के मामले में पार्टी के दो सह-संयोजकों सौरव दास और आशुतोष रांका को 13 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। अदालत ने दोनों को पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा था। प्रशासन ने उस घटना से ठीक एक दिन पहले ही जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल की सूची से बाहर किया था।
अभिजीत दिपके पर दिल्ली पुलिस की यह कार्रवाई एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार हुई है। इससे पहले मतदाता सूची संशोधन में कथित गड़बड़ी के खिलाफ मुख्य चुनाव आयुक्त के समक्ष प्रदर्शन के लिए जब वह मुंबई से दिल्ली पहुंचे थे, तब भी उन्हें हवाई अड्डे के पास से हिरासत में लिया गया था।
शुक्रवार को कनॉट प्लेस में आयोजित कार्यक्रम से पहले पुलिस ने दिपके को नोटिस जारी कर आगाह किया था। पुलिस ने स्पष्ट किया था कि एनडीएमसी ने इस यात्रा की अनुमति नहीं दी है और कनॉट प्लेस धरना-प्रदर्शन के लिए अधिसूचित क्षेत्र नहीं है। इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू थी।
नोटिस तामील कराने पहुंचे पुलिस अधिकारियों से दिपके ने तीखे सवाल किए थे और हिरासत के कानूनी आधार की जानकारी मांगी थी। पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बताया कि तिरंगा फहराने पर कोई पाबंदी नहीं है, लेकिन प्रतिबंधित क्षेत्र में बिना अनुमति भीड़ जुटाना और जुलूस निकालना कानून का उल्लंघन है। इसके साथ ही पुलिस ने उन्हें फ्लैग कोड के नियमों का हवाला भी दिया था।
